शारदा सिंह
एलन मस्क की अमेरिकी न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी न्यूरालिंक एक ऐसे ब्रेन इम्प्लांट पर काम कर रही है, जो नेत्रहीन लोगों को देखने की क्षमता दे सकता है. इस तकनीक का नाम है ब्लाइडसाइट. कंपनी 2026 में इंसान पर इसका पहला टेस्ट कर सकती है.

क्या बिना आंखों के भी देखा जा सकता है? यह सवाल अब हकीकत के करीब पहुंच रहा है. एलन मस्क की अमेरिकी न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी न्यूरालिंक एक ऐसे ब्रेन इम्प्लांट पर काम कर रही है, जो नेत्रहीन लोगों को देखने की क्षमता दे सकता है. इस तकनीक का नाम है ब्लाइडसाइट. कंपनी 2026 में इंसान पर इसका पहला टेस्ट कर सकती है. सितंबर 2024 में ब्लाइडसाइट को अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) से ब्रेकथ्रू डिवाइस का दर्जा मिला. यह दर्जा उन उपकरणों को दिया जाता है, जो गंभीर या जानलेवा बीमारियों के इलाज में उम्मीद दिखाते हैं.

बंदरों पर सफल रहा टेस्ट
एलन मस्क ने मार्च 2025 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया था कि Blindsight इम्प्लांट बंदरों में काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि शुरुआत में इसकी तस्वीरों की गुणवत्ता कम होगी, लेकिन भविष्य में यह सामान्य इंसानी आंखों से भी बेहतर हो सकती है. मस्क के अनुसार, 2026 की शुरुआत तक पूरी तरह अंधे लोगों में इसका पहला इम्प्लांट लगाया जा सकता है, जिससे उन्हें सीमित ही सही, लेकिन देखने की क्षमता मिल सके.

जन्म से नेत्रहीन लोग भी इससे लाभ उठा सकते हैं
Blindsight सीधे दिमाग के विज़ुअल कॉर्टेक्स से जुड़कर काम करता है. मस्क का दावा है कि जिन लोगों की आंखें और ऑप्टिक नर्व पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, वे भी इस तकनीक से देख पाएंगे. बशर्ते उनका विज़ुअल कॉर्टेक्स डैमेज न हो. यहां तक कि जन्म से नेत्रहीन लोग भी इससे लाभ उठा सकते हैं.

सर्जरी पूरी तरह से ऑटोमेटेड होगी
जनवरी 2026 में मस्क ने बताया कि Neuralink अब ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस डिवाइस का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करने की तैयारी में है और भविष्य में सर्जरी को पूरी तरह ऑटोमेटेड किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि डिवाइस के बेहद पतले थ्रेड्स दिमाग की बाहरी झिल्ली (ड्यूरा) को बिना हटाए पार कर सकते हैं, जो एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि है.

शुरुआत में कम हो सकता है रिजॉल्यूशन
शुरुआती चरण में Blindsight का रिज़ॉल्यूशन पुराने Atari वीडियो गेम्स जैसा हो सकता है. लेकिन आगे चलकर यह इन्फ्रारेड, अल्ट्रावॉयलेट और रडार जैसी तरंगों को देखने की क्षमता भी दे सकता है. कुछ वैसा ही जैसा Star Trek के किरदार जियोर्डी ला फोर्ज के पास था.
(‘न्यूज़ 18 हिंदी’ से साभार )
