दयानिधि
कम बारिश में भी बढ़ेगी पैदावार, वैज्ञानिकों ने बनाया नया जल प्रबंधन मॉडल, झांसी में खेती का रकबा बढ़ा, किसानों की आमदनी तीन गुना हुई।देश के अर्ध-शुष्क इलाकों में खेती की सबसे बड़ी चुनौती हमेशा बारिश की कमी नहीं होती। असली समस्या यह भी है कि आसमान से बरसा पानी खेतों में टिकता नहीं। कहीं पानी बहकर निकल जाता है तो कहीं तेज धूप में भाप बनकर उड़ जाता है। दूसरी ओर, हर मिट्टी की पानी रोकने की क्षमता भी अलग होती है। ऐसे में सवाल है कि बारिश की हर

बूंद का बेहतर इस्तेमाल कैसे किया जाए?
इसी सवाल का जवाब खोजने के लिए अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से जुड़े संस्थानों तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने एक नया ढांचा तैयार किया है। इसमें जमीन की बनावट, मिट्टी, ढलान, पानी की उपलब्धता और फसलों की जरूरत को एक साथ समझकर खेती की योजना बनाई जाती है। यह शोध एग्रीकल्चरल सिस्टम्स पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।

मिट्टी बताएगी कितना पानी बचा सकती है
शोधकर्ताओं ने तेलंगाना के पटानचेरु स्थित आईसीआरआईएसएटी के जलग्रहण क्षेत्रों में दस साल के आंकड़ों का अध्ययन किया। यहां सालाना औसतन 850 मिलीमीटर बारिश होती है। अध्ययन में दो प्रमुख मिट्टियों- अल्फिसोल और वर्टिसोल की पानी रोकने की क्षमता की तुलना की गई। नतीजे बताते हैं कि वर्टिसोल मिट्टी पानी बचाने में अल्फिसोल से काफी आगे है। एक मीटर गहरी वर्टिसोल मिट्टी में 150 से 200 मिलीमीटर तक पौधों के इस्तेमाल लायक पानी जमा रह सकता है। वहीं अल्फिसोल में यह मात्रा केवल 80 से 120 मिलीमीटर है। इसकी वजह भी साफ है। अल्फिसोल की ऊपरी परत में चिकनी मिट्टी की मात्रा महज 10 से 20 फीसदी होती है, जबकि वर्टिसोल में यह 40 से 60 फीसदी तक है। यही कारण है कि वर्टिसोल की गहरी परतों में नमी लंबे समय तक बनी रहती है, जबकि अल्फिसोल जल्दी सूख जाती है।

खेत की बनावट भी तय करती है पानी का भविष्य
अध्ययन में यह भी सामने आया कि पानी का बहाव केवल बारिश पर निर्भर नहीं करता। मिट्टी और खेत की बनावट भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती है। अल्फिसोल में उठी हुई क्यारियों पर मौसमी बहाव 9 से 115 मिलीमीटर रहा, जबकि समतल खेतों में यह 126 से 213 मिलीमीटर तक पहुंच गया। वर्टिसोल में भी उठी हुई क्यारियों पर बहाव 53 से 215 मिलीमीटर और समतल खेतों पर 77 से 258 मिलीमीटर दर्ज किया गया। यानी सही तरीके से खेत तैयार करने पर बारिश के पानी को बहने से काफी हद तक रोका जा सकता है। हालांकि बहुत तेज बारिश होने पर खेतों की बनावट का यह अंतर कम हो जाता है।

झांसी के गांवों में बदली खेती की तस्वीर

खेतों में लौटी रौनक, आमदनी हुई तीन गुना
पानी की उपलब्धता बढ़ने के साथ किसानों की फसल पसंद और खेती का रकबा भी बदला। खरीफ में मूंगफली का क्षेत्र 240 हेक्टेयर से बढ़कर 2,100 हेक्टेयर हो गया। वहीं परती जमीन 600 से घटकर 200 हेक्टेयर रह गई। रबी में गेहूं का रकबा 225 से बढ़कर 900 हेक्टेयर और मसूर का क्षेत्र 338 से बढ़कर 450 हेक्टेयर हो गया। पूरक सिंचाई के लिए पानी की जरूरत भी 35 मिलीमीटर से बढ़कर करीब 78 मिलीमीटर हो गई। शोधकर्ताओं के मुताबिक, किसानों का शुद्ध मुनाफा तीन गुना बढ़ा। इस पहल से 350 परिवारों की क्षेत्र में वापसी में भी मदद मिली।

दावे के साथ सावधानी भी जरूरी
हालांकि शोध के नतीजे उत्साहजनक हैं, लेकिन इसकी एक सीमा भी है। अध्ययन में किसी ऐसे क्षेत्र को शामिल नहीं किया गया जहां ये उपाय लागू न किए गए हों। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि पूरा बदलाव केवल इस ढांचे की वजह से आया। बाजार भाव, फसलों की कीमत और किसानों की अपनी पसंद ने भी भूमिका निभाई हो सकती है। फिर भी यह अध्ययन एक अहम संदेश देता है। सूखे इलाकों में खेती सुधारने के लिए सिर्फ ज्यादा बारिश का इंतजार करना जरूरी नहीं। जरूरत है जमीन को समझने, पानी को सहेजने और फसल की जरूरत के हिसाब से उसका इस्तेमाल करने की। आखिरकार, खेती का भविष्य सिर्फ आसमान से गिरने वाली बूंदों पर नहीं, बल्कि जमीन पर उन्हें बचाने की हमारी समझ पर भी निर्भर करता है।
(‘डाउन-टू-अर्थ’ से साभार )
