दयानिधि

देश के उत्तरी हिस्सों में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ठंड में अभी और भी इजाफा होने का अनुमान लगाया गया है।

वहीं पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में लगातार सक्रिय है। आज, यानी 12 दिसंबर को सिक्किम और 13 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाने की बात करें तो, 12 और 13 दिसंबर को पंजाब के अलग-अलग इलाकों, 12 से 14 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाने का दौर जारी है, जिसके चलते अमृतसर, लखनऊ और वाराणसी में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

दक्षिण भारत में मौसम में बदलाव की बात करें तो, दक्षिण पूर्व अरब सागर और निकटवर्ती मालदीव क्षेत्र के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार जारी है। इसकी वजह से आज, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा  वज्रपात के आसार हैं। आज, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

12, 15 और 16 दिसंबर को केरल और माहे में और 12 और 16 दिसंबर को दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा वज्रपात के आसार हैं, यानी इन राज्यों में 15.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर, अगले पांच दिनों के दौरान देश के शेष हिस्सों के मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

कहां हुआ तापमान में उतार-चढ़ाव?
देश के अलग-अलग हिस्सों में पारे में उतार-चढ़ाव की बात करें तो कल, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, असम और मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस, यानी काफी ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं कल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल और माहे, गुजरात के अधिकांश हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों, पश्चिम मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

जबकि, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

वहीं अधिकतम तापमान में बदलाव देखें तो कल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

कल, यनम और लक्षद्वीप, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

वहीं, हिमाचल प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस यानी काफी नीचे रहा। पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा विदर्भ के कुछ हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड तथा ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 11 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 11 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल के चावरा में 3 सेमी, वेंकुरिंजी में 2 सेमी, तमिलनाडु के पंबन में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में बरेली (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) और सीकर (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, रत्नागिरी (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

     (‘डाउन-टू-अर्थ’ से साभार )

Spread the information