निरंजन दुबे

वजन घटाने के नाम पर लोग क्या कुछ नहीं करते हैं. पड़ोसी मुल्क चीन तो इस मामले में चार कदम आगे है. वहां पर एक खौफनाक ट्रेंड चल रहा है, जिसमें लोग अपने मुंह पर प्लास्टिक लपेट खाना चबा रहे हैं. इस ट्रेंड को ‘माउथ कंडोम’ नाम दिया गया है. डॉक्टर इसे जानलेवा बता रहे हैं.

वजन घटाने और स्लिम दिखने की चाहत में इंसान किस हद तक गिर सकता है, इसका एक खौफनाक उदाहरण हाल ही में सामने आया है. चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों एक बेहद अजीब और खतरनाक ‘ईटिंग हैक’ वायरल हो रहा है, जिसे लोग ‘माउथ कंडोम’ (Mouth Condom) का नाम दे रहे हैं. इस ट्रेंड के तहत युवा अपने पूरे मुंह और होठों पर क्लींग फिल्म या प्लास्टिक रैप लपेट लेते हैं और फिर उसके ऊपर से खाना चबाने का नाटक करते हैं.

इस सनक के पीछे का तर्क यह है कि वे खाने के स्वाद का मजा तो ले सकते हैं, लेकिन एक भी कैलोरी उनके शरीर के अंदर नहीं जा पाएगी. इस विचित्र प्रवृत्ति का आधार काफी सीधा लेकिन डरावना है. प्लास्टिक रैप एक बाधा के रूप में कार्य करता है जो भोजन को सीधे लार या पाचन तंत्र के संपर्क में आने से रोकता है.

लोग खाने को जोर-जोर से चबाते हैं और फिर उसे बाहर निकाल कर फेंक देते हैं. उनका दावा है कि इससे दिमाग को यह भ्रम होता है कि शरीर को पोषण मिल रहा है, जिससे भूख शांत महसूस होती है. हालांकि, मेडिकल एक्सपर्ट्स इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर रहे हैं और इसे एक बड़े हेल्थ प्रॉब्लम की आहट मान रहे हैं.

एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह केवल एक वजन घटाने की तरकीब नहीं है, बल्कि एक गंभीर ‘ईटिंग डिसऑर्डर’ (जैसे बुलिमिया और एनोरेक्सिया) को बढ़ावा देने वाला तरीका है. जब आप खाने को चबाकर थूकते हैं, तो शरीर को ताकत नहीं मिलती, जिससे समय के साथ खाने की लालसा (Cravings) और ज्यादा बढ़ जाती है. यह दिमाग को इस तरह से ‘रीवायर’ कर देता है कि उसे बिना कैलोरी के केवल स्वाद और बनावट से आनंद मिलने लगता है, जो मेंटल हेल्थ के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

एक्सपर्ट्स ने आगे कहा कि इस ‘माउथ कंडोम’ ट्रेंड के जोखिम भी कम नहीं हैं. प्लास्टिक रैप को लगातार दांतों से चबाने से भारी मात्रा में माइक्रोप्लास्टिक्स शरीर के अंदर जाने का खतरा रहता है. चबाने के दौरान प्लास्टिक के सूक्ष्म कण लार के साथ मिल सकते हैं और अनजाने में श्वसन या पाचन तंत्र में पहुंच सकते हैं, जिससे कैंसर और हार्मोनल असंतुलन जैसी गंभीर प्रॉब्लम्स हो सकते हैं.

भले ही प्लास्टिक रैप के साथ खाना चबाना एक छोटे से प्रयोग के रूप में शुरू हुआ हो, लेकिन अब यह लाखों व्यूज बटोरने वाला एक पूर्ण इंटरनेट ट्रेंड बन चुका है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी बहस छिड़ी हुई है. जहां कुछ लोग इसे कैलोरी कंट्रोल करने का स्मार्ट तरीका बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे युवाओं की जान से खिलवाड़ मान रहे हैं. इससे पहले भी ‘जबड़े लॉक करने वाली डिवाइस’ और ऑनलाइन बिकने वाले ‘फैट-डिजॉल्विंग इंजेक्शन’ जैसे जानलेवा ट्रेंड्स ने दुनिया को हैरान किया था.

       (‘न्यूज़ 18 हिंदी’ से साभार )

Spread the information