ललित मौर्या
वैज्ञानिकों ने ऊन से ऐसा प्राकृतिक प्रोटीन ‘केराटिन’ विकसित किया है, जो टूटी हड्डियों की मरम्मत कर उन्हें फिर से मजबूत और प्राकृतिक संरचना देने में सक्षम है। टूटी हड्डी केवल एक शारीरिक चोट नहीं होती, बल्कि यह दर्द, असहायता और लंबे, थकाऊ इलाज की एक कठिन यात्रा होती है। लेकिन अब विज्ञान ने प्रकृति के एक बेहद साधारण से दिखने वाले घटक ‘ऊन’ में ऐसी संभावनाएं खोजी हैं, जो इस पूरी चिकित्सा यात्रा को नया मोड़ दे सकती हैं और इसे अधिक सहज, सुरक्षित और प्रभावी बना सकती हैं।

लंदन के किंग्स कॉलेज के वैज्ञानिकों ने भेड़ के ऊन से मिलने वाले प्राकृतिक प्रोटीन ‘केराटिन’ को हड्डियों की मरम्मत के लिए एक प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल विकल्प के रूप में विकसित किया है। यह खोज न सिर्फ चिकित्सा विज्ञान में नई उम्मीद जगाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि प्रकृति के भीतर छिपे साधारण संसाधन भी असाधारण समाधान बन सकते हैं।

ऊन से हड्डी तक: प्रकृति में छिपी नई चिकित्सा क्रांति
अध्ययन में पाया गया है कि यह सामग्री न सिर्फ टूटी हड्डियों की मरम्मत कर सकती है, बल्कि उन्हें फिर से वैसी ही मजबूती और संरचना दे सकती है जैसी प्राकृतिक हड्डी में होती है। वैज्ञानिकों ने इस सामग्री का परीक्षण जीवित चूहों की कोशिकाओं पर किया, जहां यह क्षतिग्रस्त हिस्सों में नई हड्डी के विकास को दिशा देने में सफल रही। परीक्षण के परिणाम उम्मीद से बेहतर रहे, कोशिकाएं स्वस्थ बनी रहीं और नई हड्डी बनने की प्रक्रिया सक्रिय हो गई। अध्ययन से जुड़े प्रमुख शोधकर्ता डॉक्टर शेरिफ एल्शरकावी के अनुसार, “यह पहली बार है जब ऊन से बनी सामग्री का सफलतापूर्वक उपयोग जीवित कोशिकाओं में हड्डी की मरम्मत के लिए किया गया है।“

रीजेनेरेटिव मेडिसिन में बड़ी छलांग
उनके मुताबिक, यह शोध रीजेनेरेटिव मेडिसिन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे कोलेजन जैसे पदार्थों के मुकाबले एक अधिक प्रभावी और बेहतर विकल्प पेश कर सकता है। अध्ययन के मुताबिक दशकों से कोलेजन को हड्डी और दांतों के इलाज में ऊतक पुनर्निर्माण के लिए सबसे बेहतर “गोल्ड स्टैंडर्ड” माना जाता रहा है। यह एक सुरक्षा परत की तरह काम करता है, जो नरम ऊतकों को उपचार प्रक्रिया में बाधा डालने से रोकता है और हड्डियों को दोबारा बढ़ने में मदद करता है। लेकिन कोलेजन की अपनी सीमाएं हैं।

वह उतना मजबूत नहीं होता और जल्दी टूट सकता है। ऐसे में यह उन हड्डियों की मरम्मत में समस्या बन सकता है जिन्हें वजन उठाना या दबाव सहना पड़ता है। साथ ही, इसे निकालना एक जटिल और महंगी प्रक्रिया है। वहीं, इसके मुकाबले केराटिन अधिक टिकाऊ, स्थिर और संरचनात्मक रूप से मजबूत विकल्प है। खास बात यह है कि यह पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर है, क्योंकि यह ऊन जैसे प्राकृतिक और कृषि-उद्योग के अपशिष्ट से प्राप्त किया जा सकता है, जिससे कचरे का उपयोग मूल्यवान चिकित्सा सामग्री में बदल जाता है।

सस्टेनेबल हीलिंग
जांच में यह भी देखा गया कि भले ही कोलेजन अधिक मात्रा में हड्डी बनाता है, लेकिन सबसे खास बात यह रही कि केराटिन से बनी नई हड्डी अधिक व्यवस्थित और प्राकृतिक संरचना जैसी दिखी, जैसे शरीर ने खुद अपने भीतर से उसे दोबारा गढ़ लिया हो। यह अध्ययन सिर्फ एक नई सामग्री की खोज नहीं है, बल्कि यह उस उम्मीद की शुरुआत है जहां प्रकृति का एक साधारण-सा हिस्सा मानव शरीर को फिर से जोड़ने की मजबूत कड़ी बन सकता है। ऊन से निकला यह केराटिन भविष्य में उपचार की परिभाषा बदल सकता है, जहां टूटी हड्डियां सिर्फ ठीक ही नहीं होंगी, बल्कि पहले से ज्यादा संगठित और प्राकृतिक रूप में फिर से बन सकेंगी। वैज्ञानिक मानते हैं कि यह खोज आने वाले समय में हड्डियों के गंभीर घावों की चिकित्सा में एक क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।
(‘डाउन-टू-अर्थ’ से साभार )
